बाटालुका में ग्रामीणों की बैठक, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के मुद्दों पर हुआ मंथन

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

बाटालुका में ग्रामीणों की बैठक, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के मुद्दों पर हुआ मंथन

पटमदा, 04 जुलाई : पटमदा प्रखंड के गोबरघुसी पंचायत अंतर्गत सुदूरवर्ती गांव बाटालुका में शनिवार को ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए सामूहिक पहल करने तथा जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।

बैठक में समाजसेवी विश्वनाथ महतो, जन अधिकार मंच की आदिवासी जल यात्रा से जुड़े कृष्णपद महतो, सुखदेव हेम्ब्रम, प्राकृतिक रक्षक संस्था के मृत्युंजय कुमार, ग्राम प्रधान लगमानी सोरेन, गणेश सोरेन समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान ग्रामीणों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (राशन), प्रधानमंत्री एवं राज्य आवास योजनाओं, सड़क, बिजली, पेयजल, संचार व्यवस्था तथा अन्य सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों ने मांग की कि सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंचे तथा विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।

बैठक को संबोधित करते हुए समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने कहा कि ग्रामीणों को उनके अधिकार दिलाना, सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जल, जंगल एवं जमीन की सुरक्षा करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज के विकास और जागरूकता की सबसे मजबूत नींव है तथा शिक्षित समाज ही अपने अधिकारों के प्रति सजग रहकर विकास की नई दिशा तय कर सकता है।

उन्होंने युवाओं से नशे और अन्य मादक पदार्थों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशामुक्त समाज में ही शांति, सामाजिक सौहार्द और समग्र विकास संभव है। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि ग्रामीणों की समस्याओं को प्रशासन और संबंधित विभागों के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

बैठक के अंत में ग्रामीणों ने क्षेत्र के समग्र विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा तथा गांव की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए संगठित होकर निरंतर प्रयास और संघर्ष जारी रखने का सामूहिक संकल्प लिया।

Share This Article