आदित्यपुर-गम्हरिया के बार और रेस्टोरेंट में प्रशासन की सख्ती, नियमों के पालन के लिए चला सघन निरीक्षण अभियान

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

आदित्यपुर-गम्हरिया के बार और रेस्टोरेंट में प्रशासन की सख्ती, नियमों के पालन के लिए चला सघन निरीक्षण अभियान

सरायकेला, 04 जुलाई : जिले में कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने बार एवं रेस्टोरेंट संचालकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नीतिश कुमार सिंह के निर्देश पर शनिवार को आदित्यपुर और गम्हरिया क्षेत्र के विभिन्न बार एवं रेस्टोरेंट में उत्पाद विभाग की टीम ने सघन निरीक्षण अभियान चलाया।

उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज एवं उत्पाद निरीक्षकों की टीम ने निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों, लाइसेंस एवं आवश्यक अभिलेखों, सुरक्षा प्रबंधों और अन्य वैधानिक व्यवस्थाओं की जांच की। अधिकारियों ने संचालकों को सरकार और विभाग द्वारा निर्धारित सभी नियमों एवं दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान स्पष्ट निर्देश दिया गया कि 21 वर्ष से कम आयु के किसी भी व्यक्ति को बार में प्रवेश या मदिरा परोसने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही किसी भी प्रकार का डीजे, लाइव म्यूजिक या सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने से पहले सक्षम प्राधिकारी से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा।

प्रशासन ने सभी प्रतिष्ठानों को सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) के प्रावधानों का पालन करने, उच्च गुणवत्ता वाले आईपी आधारित सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर उन्हें हमेशा चालू रखने तथा निर्धारित अवधि तक फुटेज सुरक्षित रखने का निर्देश दिया। इसके अलावा बार में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की फ्रिस्किंग और पहचान सत्यापन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा लाइसेंस की शर्तों एवं निर्धारित क्षमता के अनुरूप ही प्रतिष्ठान संचालित करने को कहा गया।

उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने कहा कि सभी बार एवं रेस्टोरेंट संचालकों को लाइसेंस की शर्तों और शासन के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करना होगा। विशेष रूप से 21 वर्ष से कम आयु के व्यक्तियों के प्रवेश और उन्हें मदिरा परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों के उल्लंघन या किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान और संचालकों के विरुद्ध प्रचलित कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने कहा कि सार्वजनिक सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article