विश्व एड्स दिवस पर तिल्ला गांव में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

विश्व एड्स दिवस पर तिल्ला गांव में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित

नीमडीह, 01 दिसंबर : जिला विधिक सेवा प्राधिकार सरायकेला-खरसावां की ओर से सोमवार को विश्व एड्स दिवस के अवसर पर नीमडीह प्रखंड अंतर्गत तिल्ला ( आमड़ाबेड़ा ) गांव में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में डीएलएसए के पीएलवी शुभंकर महतो ने ग्रामीणों को एड्स से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एड्स संक्रमण के कारण, फैलने के तरीके और इसके रोकथाम के उपायों को समझना अत्यंत आवश्यक है। जागरूकता ही इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सुरक्षित व्यवहार अपनाने, साफ-सुथरी जीवनशैली रखने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी।

पीएलवी ने कहा कि एड्स से पीड़ित व्यक्ति के प्रति भेदभाव समाज के लिए बड़ी चुनौती है। इसलिए ऐसे मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और सहयोग ही सही संदेश देता है। शिविर में एड्स से जुड़े कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों को दी गई। कार्यक्रम के दौरान डीएलएसए की ओर से विभिन्न जागरूकता पुस्तिकाएं और पर्चियों का वितरण किया गया। गांव के कई लोगों ने सक्रिय रूप से शिविर में भाग लिया। इस मौके पर अम्बुज गोप, साधन महतो, कंचन सिंह, विलासी देवी, धर्मा सिंह और श्यामापद सिंह सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।

Share This Article