जिले के सभी मतदान केंद्रों पर लगा विशेष शिविर, मतदाताओं से लिए गए फॉर्म-6 और फॉर्म-8

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

नाम जोड़ने से लेकर मतदाता विवरण में संशोधन तक की मिली सुविधा, अधिकारियों ने बूथों का किया निरीक्षण

सरायकेला, 08 अगस्त : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत शनिवार को सरायकेला-खरसावां जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, नाम-पता समेत अन्य विवरण में संशोधन और मतदान केंद्र से संबंधित आवश्यक बदलाव के लिए पात्र नागरिकों से आवेदन लिए गए।

विशेष शिविर के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) ने मतदान केंद्रों पर पहुंचने वाले लोगों को मतदाता सूची से संबंधित जानकारी दी। इस दौरान नए मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 और मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन समेत अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए फॉर्म-8 प्राप्त किए गए।

BLO ने लोगों को आवेदन भरने की प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज और ऑनलाइन आवेदन के संबंध में भी जानकारी दी। शिविर में लोगों को यह भी बताया गया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी के लिए जरूरी है।

अधिकारियों ने मतदान केंद्रों का लिया जायजा

विशेष शिविर के दौरान जिले के संबंधित पदाधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बूथों पर उपलब्ध सुविधाओं, BLO की उपस्थिति, प्राप्त किए जा रहे आवेदनों और आम लोगों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।

अधिकारियों ने शिविर की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए BLO एवं संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह ने भी जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण कर विशेष शिविर का जायजा लिया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर चल रही गतिविधियों की जानकारी ली और फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8 के माध्यम से प्राप्त हो रहे आवेदनों की स्थिति की समीक्षा की।

उन्होंने BLO एवं संबंधित पदाधिकारियों से शिविर में आने वाले नागरिकों को दी जा रही सुविधाओं और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

9 अगस्त को भी जारी रहेगा विशेष शिविर

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने बताया कि SIR-2026 के तहत 08 और 09 अगस्त को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर शिविर का लाभ उठाएं। पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के सदस्यों का नाम दर्ज होने की पुष्टि करें।

उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं के नाम, पता या अन्य विवरण में किसी प्रकार का संशोधन जरूरी है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करें, ताकि मतदाता सूची को सही और अद्यतन बनाया जा सके।

Share This Article