शिक्षा विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक, डीसी ने दिए कई अहम निर्देश

सरायकेला, 26 सितंबर : समाहरणालय सभा कक्ष में शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा सहित सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (BEEO), प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (BPO), संकुल संसाधन व्यक्ति (CRP), प्रखंड संसाधन व्यक्ति (BRP) एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने, नामांकन एवं उपस्थिति में वृद्धि, ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान कर पुनः नामांकन, आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता (FLN) मिशन के लक्ष्यों की प्राप्ति तथा शिक्षकों की नियमित उपस्थिति पर विशेष जोर दिया गया।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों में स्वच्छता अभियान को प्राथमिकता दी जाए और अधिक से अधिक स्कूलों का पंजीकरण स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार के लिए कराया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजना, यूनिफॉर्म की राशि वितरण, किताब-कॉपी एवं स्कूल बैग वितरण का कार्य तय समयसीमा में पूरा किया जाए।
बैठक में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण, भवनहीन विद्यालयों की स्थिति, शौचालय, बिजली एवं पेयजल सुविधा की उपलब्धता, ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर ऑनलाइन उपस्थिति तथा आवासीय विद्यालयों में नामांकन की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
डीसी ने सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रत्येक विद्यालय से बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र एवं बैंक खाता संबंधी जानकारी जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराएँ। साथ ही यह सुनिश्चित करें कि सभी छूटे हुए बच्चों एवं किशोरियों को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना से जोड़ा जाए।
उपायुक्त ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता एवं बच्चों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुँचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए प्रखंड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग करने का भी निर्देश दिया गया।



