खूंटी, 25 अप्रैल : खूंटी जिले की पुलिस ने अवैध अफीम के कारोबार में संलिप्त तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार लोगों के पास से कुल 980 ग्राम अवैध अफीम बरामद किया है। गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर पुलिस और अधिक जानकारियां दिखाने का प्रयास कर रही है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 10 बजे जिला पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली कि मुरहू थाना अंतर्गत नील फैक्ट्री के पास बंदगांव की तरफ से कुछ व्यक्ति अवैध अफीम (लासा ) लेकर बेचने के लिए आने वाले हैं तथा कुछ व्यक्ति रांची की तरफ से उसे खरीदने के लिए आने वाले हैं। सूचना मिलने के बाद जिले के एसपी ने खूंटी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर सूचना का सत्यापन करने का निर्देश दिया।
छापामारी टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए रांची – चाईबासा मुख्य मार्ग स्थित नील फैक्ट्री के पास पहुंचे तो देखे कि दो मोटर साईकिल को सड़क किनारे खड़ा कर कुछ दूरी पर झाड़ी के पास चार व्यक्ति बात-चीत कर रहे हैं, जो पुलिस बल को देखते ही भागने लगे जिसमें से तीन व्यक्तियों को पुलिस ने खदेड़ कर पकड़ लिया। उनके पास से कुल 980 ग्राम अवैध अफीम बरामद किया गया। इस दौरान एक अपराधकर्मी भागने में सफल रहा।
पकड़ाये व्यक्तियों से पूछ-ताछ करने पर तीनों के द्वारा अफीम की खरीद-बिक्री करने की बात बताया, जिसके संदर्भ में मुरह थाना में कांड दर्ज किया गया। इस मामले पर पुलिस द्वारा अग्रीम कार्रवाई कि जा रही है। पुलिस खरीदारों की भी जानकारी जुटा रही है ताकि इस गोरखधंधे में शामिल पूरे रैकेट का पता लगाया जा सके।