सरायकेला, 28 अप्रैल: नगर पंचायत सरायकेला ने शहरी आजीविका मिशन (DAY-NULM) को नई गति देने की दिशा में ठोस पहल शुरू कर दी है। नगर पंचायत सभागार में अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में यह तय किया गया कि योजना को अब जमीनी स्तर पर प्रभावी तरीके से लागू करते हुए अधिकाधिक लोगों तक इसका लाभ पहुंचाया जाएगा।
बैठक में नगर क्षेत्र में संचालित 96 महिला स्वयं सहायता समूहों की स्थिति की समीक्षा की गई, जिसमें 6 समूह निष्क्रिय पाए गए। इन समूहों को पुनः सक्रिय करने का निर्णय लिया गया, ताकि वे फिर से आर्थिक गतिविधियों से जुड़ सकें। वहीं, 70 समूहों को अब तक योजना का लाभ मिल चुका है, जबकि शेष 26 समूहों को लाभान्वित करने के लिए विभाग को पत्राचार करने का निर्णय लिया गया।
महिला समूहों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए बैंक लिंकेज को प्राथमिकता देते हुए लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन, एनपीए मामलों में रिकवरी तेज करने तथा सीआईएफ (CIF) लोन के लिए इच्छुक लाभुकों से आवेदन लेने का निर्देश दिया गया। जिन समूहों का बैंक लिंकेज हो चुका है, उनकी सूची उपलब्ध कराने को भी कहा गया है।
नगर क्षेत्र के 10 उत्कृष्ट महिला समूहों के कार्यों का वीडियो क्लिप तैयार कर उन्हें सम्मानित करने का निर्णय लिया गया, ताकि अन्य समूह भी प्रेरित हो सकें। स्वयं सहायता समूहों को प्रशिक्षण उपलब्ध कराने, उनकी रैंकिंग करने तथा 10 एरिया फेडरेशन (AF) के गठन का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में स्ट्रीट वेंडरों के सशक्तिकरण पर भी विशेष जोर दिया गया। इसके तहत टाउन हॉल में वेंडर सम्मेलन आयोजित कर सभी फुटपाथ विक्रेताओं का डाटा संकलित करने तथा 30 दिनों के भीतर उनकी सूची तैयार करने का निर्णय लिया गया। वेंडिंग जोन के निर्माण की अद्यतन स्थिति रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि (PM SVANidhi) योजना के तहत अधिक से अधिक लाभुकों को ऋण उपलब्ध कराने पर भी बल दिया गया।
इसके अलावा नगर पंचायत क्षेत्र में स्किल ट्रेनिंग सेंटर शुरू करने के लिए विभाग को पत्राचार करने तथा वैकल्पिक रूप से आंतरिक संसाधनों से इसे प्रारंभ करने की संभावनाओं पर विचार किया गया। वित्तीय वर्ष 2020 से 2025 तक स्किल ट्रेनिंग प्राप्त लाभुकों की सूची तैयार करने का भी निर्देश दिया गया है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी एक माह तक प्रत्येक वार्ड में पार्षदों के साथ समन्वय स्थापित कर लगातार बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि योजना का लाभ अधिकाधिक जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा सके। DAY-NULM योजना के तहत कार्यरत कर्मियों के बीच स्पष्ट कार्यादेश जारी कर जवाबदेही सुनिश्चित करने की भी बात कही गई।
बैठक में उपाध्यक्ष अविनाश कवि, सीएम मनी मुकुट सोरेन, सीओ मनोज खाखा, कंप्यूटर ऑपरेटर दुर्गेश शर्मा, सीआरपी तथा नगर पंचायत के वार्ड पार्षद उपस्थित थे। अगली समीक्षा बैठक 25 मई 2026 को आयोजित की जाएगी।