चांडिल/नीमडीह, 25 अप्रैल : सरायकेला-खरसावां जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला परिवहन विभाग द्वारा नीमडीह थाना क्षेत्र के चांडिल – पुरुलिया मार्ग स्थित पाथरडीह टोल प्लाजा और चांडिल थाना अंतर्गत टाटा रांची नेशनल हाईवे स्थित पाटा टोल प्लाजा के पास शुक्रवार देर शाम सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो के नेतृत्व में संचालित इस अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियम उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। जांच के क्रम में कुल 1,04,650 रुपये की जुर्माना राशि वसूली गई।
अभियान के दौरान ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, बिना वैध कागजात के वाहन संचालन तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में चालकों को चिन्हित कर दंडित किया गया। साथ ही कई वाहनों में अनधिकृत और अतिरिक्त लाइट्स के उपयोग पर भी आपत्ति जताते हुए चालकों को सख्त चेतावनी दी गई।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि ओवरस्पीडिंग और लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग सड़क हादसों का प्रमुख कारण है, इसलिए ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन ने आम लोगों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। जांच अभियान में जिला परिवहन विभाग के पदाधिकारियों के साथ सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।