युवक की मौत के बाद फूटा लोगों का गुस्सा, शव सड़क पर रखकर चांडिल-पुरुलिया बायपास जाम

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

रावताड़ा चौक पर बांस-बल्लियां लगाकर प्रदर्शन, लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन और एनएचएआई के खिलाफ जताई नाराजगी

चांडिल, 10 नवंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चांडिल-पुरुलिया न्यू बायपास रोड पर रावताड़ा चौक के सामने हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। 26 वर्षीय बाइक सवार अभिजीत गोराई की ट्रेलर की चपेट में आने से हुई मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने शव को बीच सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने सड़क पर बांस-बल्लियां रखकर आवागमन बाधित कर दिया है। सड़क जाम होने से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।

प्रदर्शन कर रहे स्थानीय लोगों में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि चांडिल-पुरुलिया न्यू बायपास रोड पर तेज रफ्तार वाहनों का परिचालन लगातार जानलेवा साबित हो रहा है, लेकिन इसके बावजूद दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने पर प्रशासन और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के प्रति नाराजगी जाहिर की है।

गौरतलब है कि मंगलवार को रावताड़ा चौक के सामने तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े बाइक सवार अभिजीत गोराई को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में 26 वर्षीय अभिजीत की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वह रावताड़ा का निवासी था और एक फाइनेंस कंपनी में काम करता था। उसकी शादी चार वर्ष पहले हुई थी। युवक की असामयिक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पितकी ओवरब्रिज के उद्घाटन के दौरान भी केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह सांसद संजय सेठ के समक्ष इस मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग उठाई गई थी। उस दौरान एनएचएआई के माध्यम से आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया गया था। इसके बावजूद दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।

लोगों की मांग है कि सड़क पर तत्काल सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, दुर्घटनाजन्य स्थलों को चिह्नित कर वाहनों की रफ्तार नियंत्रित की जाए तथा रावताड़ा चौक के सामने आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं। फिलहाल सड़क पर प्रदर्शन जारी रहने से स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

Share This Article