एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने किया पौधारोपण

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

नीमडीह, 14 जून : पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को लेकर चलाए जा रहे “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत शनिवार को सरायकेला खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड के आदरडीह स्थित सामुदायिक भवन परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ शामिल हुए।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की और लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के लिए अमूल्य हैं तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण देने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करना आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित लोगों से केवल पौधे लगाने ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर चलाया जा रहा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान प्रकृति के प्रति सम्मान और मातृऋण के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जनभागीदारी को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, सरायकेला-खरसावां जिला मंत्री रूपेश वर्मा उर्फ पप्पू वर्मा, सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार महतो, पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिता पारित सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण और वृक्षों की देखभाल का संकल्प लिया।

Share This Article