षष्ठम झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र कल से, सत्र पूर्व सर्वदलीय बैठक में जुटे नेता

रांची, 31 जुलाई : षष्ठम झारखंड विधानसभा के तृतीय (मानसून) सत्र की शुरुआत 1 अगस्त से होने जा रही है। सत्र प्रारंभ होने से एक दिन पूर्व, आज विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित विभिन्न दलों के मंत्रियों और विधायकों ने भाग लिया।
बैठक का उद्देश्य मानसून सत्र को सुचारु, मर्यादित और रचनात्मक बनाने को लेकर सभी दलों के बीच समन्वय स्थापित करना था। विधानसभा अध्यक्ष ने सभी दलों से आग्रह किया कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाए और सत्र की गरिमा बनाए रखी जाए।

बैठक में मौजूद नेताओं ने भी सकारात्मक माहौल में चर्चा की प्रतिबद्धता जताई और विधानसभा की कार्यवाही को प्रभावी बनाने पर बल दिया।
उल्लेखनीय है कि आगामी सत्र में राज्य सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयकों को पेश करने की तैयारी में है। साथ ही विपक्ष भी विभिन्न जनमुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति बना रहा है। ऐसे में यह सत्र राजनीतिक दृष्टिकोण से भी खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



