राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का देवघर आगमन, दीक्षांत समारोह में होंगी मुख्य अतिथि

रांची/देवघर, 31 जुलाई : भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज देवघर पहुंचीं। उनका आगमन देवघर एयरपोर्ट पर हुआ, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। राष्ट्रपति के स्वागत हेतु राज्य के कई वरिष्ठ प्रशासनिक और राजनीतिक पदाधिकारी उपस्थित थे।
राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू का स्वागत सबसे पहले झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। उनके साथ राज्य की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडे सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष किरण कुमारी, संथाल परगना के आयुक्त लालचंद डाडेल, आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, डीआईजी अंबर लकड़ा, देवघर के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा, तथा पुलिस अधीक्षक अजीत पीटर डुंगडुंग भी मौजूद थे।
इस दौरान सभी अधिकारियों ने राष्ट्रपति को पारंपरिक आदर और पुष्पगुच्छ प्रदान कर गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट पर सुरक्षा और प्रोटोकॉल की विशेष व्यवस्था की गई थी।
ज्ञात हो कि राष्ट्रपति मुर्मू देवघर एम्स के प्रथम दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने देवघर आई हैं। इस ऐतिहासिक अवसर पर एम्स के विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। 48 छात्रों को मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा।
राष्ट्रपति के आगमन से देवघरवासियों में उत्साह का माहौल है, और यह दिन देवघर के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज हो रहा है।
रिपोर्ट: ManbhumUpdates.com न्यूज़ डेस्क



