नीमडीह, 5 अप्रैल : ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ चुआड़ विद्रोह के महानायक अमर शहीद रघुनाथ महतो के पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। इस अवसर पर सरायकेला खरसावां जिला अंतर्गत नीमडीह प्रखंड के झिमडी स्थित सोना डूंगरी में श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण किया गया।
मौके पर कहा गया कि अमर शहीद रघुनाथ महतो का जन्म चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत घुटियाडीह गांव के एक कृषक परिवार में हुआ था, जहां से उन्होंने संघर्ष का पाठ सीखा। उन्होंने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ चुआड़ विद्रोह के माध्यम से विरोध की शुरुआत की थी। ब्रिटिश शासन के विरुद्ध मानभूम क्षेत्र में हुए विद्रोह में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी।
पूरे क्षेत्र में उनके संघर्ष और बलिदान को लोग आज भी याद कर उनसे प्रेरणा लेते हैं। श्रद्धांजलि सभा में बासुदेव महतो, गुहीराम महतो, भरत चंद्र महतो, महेंद्रनाथ महतो, पद्मलोचन महतो, विजय महतो, चित्त महतो, सत्यवान महतो, ईशान महतो, आदित्य कुमार महतो, तरणी महतो, रवि महतो आदि मौजूद थे।