
बिजली तार चोरी के बाद झूलते हाईटेंशन तार की चपेट में आया हाथी, बिजली विभाग ने दर्ज कराई एफआईआर
चांडिल, 18 नवंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत गुंडा गांव के डीटांड़ में हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से नर हाथी की मौत के मामले में बिजली विभाग ने अपना पक्ष स्पष्ट किया है। विभाग के अनुसार, बिजली के तार की चोरी किए जाने के कारण यह हादसा हुआ। तार को बीच से काटकर चोरी कर लिए जाने के बाद उसका शेष हिस्सा झूल रहा था, जिसकी चपेट में आने से हाथी की जान चली गई। मामले में बिजली विभाग ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराई है।
इस संबंध में विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता लालजी महतो ने बताया कि करंट लगने से हाथी की मौत होना अत्यंत दुखद घटना है। उन्होंने घटना की परिस्थितियों की जानकारी देते हुए बताया कि लुपुंगडीह सबस्टेशन और आदारडीह सबस्टेशन से गुंडा गांव तक बिजली आपूर्ति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत तार बिछाए गए थे। इसका उद्देश्य यह था कि किसी एक सबस्टेशन से बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में दूसरे सबस्टेशन के माध्यम से गांव में बिजली बहाल रखी जा सके।
उन्होंने बताया कि गांव तक बिजली पहुंचाने के लिए पांच बिजली के खंभे लगाए गए थे और उन पर तार खींचे गए थे। लेकिन अज्ञात बदमाशों ने तार को बीच से काटकर चोरी कर लिया। इसके कारण तार का बचा हुआ हिस्सा झूलने लगा था। आशंका है कि सोमवार रात हाथी इसी झूलते हुए बिजली तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि खेतों में धान के फसल लगे होने के कारण झूलते हुए तार को दुरुस्त करने में परेशानी हो रही थी। चोरी गए हिस्से में नया तार लगाया गया लेकिन खेतों में फसल होने के कारण झूलते हुए तार को खींचने में परेशानी हुई। अब धान के फसल कटने के बाद सभी तारों को दुरुस्त किया जाएगा।
कार्यपालक अभियंता ने बताया कि बिजली तार चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए विभाग की ओर से नीमडीह थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और बिजली के तार की चोरी जैसी घटनाएं न केवल बिजली व्यवस्था को प्रभावित करती हैं, बल्कि इंसानों और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करती हैं।
झूलते तार की सूचना देने की अपील
कार्यपालक अभियंता लालजी महतो ने आम लोगों से अपील की है कि क्षेत्र में कहीं भी बिजली के तार झूलते हुए अथवा खतरनाक स्थिति में दिखाई दें तो तत्काल विद्युत विभाग को इसकी सूचना दें। विभाग समय रहते ऐसे तारों को दुरुस्त कर सकेगा और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सकेगा। उन्होंने वन्यजीवों की सुरक्षा के लिहाज से भी आम लोगों से सतर्कता बरतने और बिजली से जुड़ी किसी भी खतरनाक स्थिति की जानकारी विभाग तक पहुंचाने का आग्रह किया।
बिजली विभाग की इस पहल के बीच अब तार चोरी करने वाले अज्ञात बदमाशों की पहचान और झूलते तार से भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना अहम चुनौती है।



