गौरांगकोचा में विश्व एड्स दिवस पर विधिक साक्षरता शिविर आयोजित

ईचागढ़, 01 दिसंबर : ईचागढ़ प्रखंड के गौरांगकोचा ग्राम में विश्व एड्स दिवस के अवसर पर सरायकेला-खरसावां जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के सचिव तौसीफ मेराज के निर्देशानुसार विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ईचागढ़ के पीएलवी गंगा सागर पाल ने ग्रामीणों को एड्स के कारणों, संक्रमण के तरीकों, रोकथाम के उपायों तथा संबंधित कानूनी अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एचआईवी से संक्रमित गर्भवती महिलाओं के लिए गर्भावस्था और प्रसव के दौरान एंटीवायरल दवाओं का नियमित सेवन अत्यंत आवश्यक है, जिससे संक्रमण के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि एड्स से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका जागरूकता है। सुरक्षित व्यवहार, स्वच्छ जीवनशैली, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच और वैज्ञानिक जानकारी के माध्यम से इस रोग की रोकथाम संभव है। उन्होंने एड्स से जुड़े सामाजिक मिथकों को दूर करने, रोगियों के प्रति भेदभाव नहीं करने तथा उन्हें समान अधिकार और सम्मान देने की अपील की। शिविर में उपस्थित ग्रामीणों एवं बुद्धिजीवी सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सराहते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता शिविर गांवों में अत्यंत उपयोगी साबित होते हैं।



