डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण में सुधार को लेकर जेएनएसी गंभीर, उप नगर आयुक्त ने की समीक्षा बैठक

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण में सुधार को लेकर जेएनएसी गंभीर, उप नगर आयुक्त ने की समीक्षा बैठक

जमशेदपुर, 29 नवंबर : शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमेटी (JNAC) के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार की अध्यक्षता में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और नागरिक समन्वय को लेकर एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सिटी मैनेजर, स्वच्छता निरीक्षक, पर्यवेक्षक और संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। उप नगर आयुक्त ने सभी टीमों को निर्देश दिया कि वार्डों में नागरिकों से नियमित संवाद बनाए रखें और यह सुनिश्चित करें कि कचरा संग्रहण निर्धारित समय पर एवं बाधा रहित हो।

बैठक के दौरान कई बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई, जिनमें 100 प्रतिशत घरों में कचरा संग्रहण की उपलब्धता, नागरिक शिकायतों का त्वरित निपटारा, कलेक्शन वाहनों की रूट प्लानिंग और ट्रैकिंग, फील्ड मॉनिटरिंग को सख्त करने और स्वच्छता कर्मियों के साथ बेहतर समन्वय शामिल रहे। साथ ही, नागरिकों को स्रोत पर कचरा पृथक्करण के लिए प्रेरित करने और बाजार तथा समुदाय स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

उप नगर आयुक्त ने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने में नागरिक सहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी टीमों को वार्ड-स्तरीय संवाद बढ़ाने, फीडबैक लेने और कचरा संग्रहण की नियमित स्पॉट वेरिफिकेशन करने के निर्देश दिए।

जेएनएसी ने स्पष्ट किया कि शहर को स्वच्छ और बेहतर बनाने के लिए आगे भी सतत प्रयास किए जाते रहेंगे, ताकि कचरा प्रबंधन प्रणाली अधिक पारदर्शी और नागरिक-अनुकूल बन सके।

Share This Article