नरसिंह इस्पात कंपनी ने घायल मजदूर को दिया 10 लाख का मुआवजा, पेंशन, कृत्रिम पैर और नौकरी का आश्वासन

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

चांडिल, 06 जून : ईचागढ़ थाना क्षेत्र के कुडुखतोपा निवासी चंपाई मांझी को कार्य के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बाद आखिरकार राहत मिली है। चौका थाना क्षेत्र स्थित नरसिंह इस्पात कंपनी में काम करने के दौरान हुए हादसे में चंपाई मांझी का एक पैर काटना पड़ा था। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों और कंपनी के कामगारों में भारी आक्रोश व्याप्त था तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और बेहतर इलाज दिलाने की मांग उठ रही थी।
शनिवार को जमशेदपुर के बाराद्वारी स्थित नरसिंह इस्पात कंपनी के कार्यालय में पीड़ित कर्मी चंपाई मांझी की पत्नी फूलमती मांझी की मौजूदगी में मुआवजे को लेकर महत्वपूर्ण वार्ता हुई। बैठक में कंपनी के निदेशक अजय सिंह और भाजपा जिला मंत्री पप्पू वर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
वार्ता सफल रहने के बाद कंपनी और पीड़ित पक्ष के बीच सहमति बनी कि चंपाई मांझी के परिवार को कुल 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। कंपनी की ओर से तत्काल 7 लाख रुपये का भुगतान चेक के माध्यम से कर दिया गया, जबकि शेष 3 लाख रुपये एक माह के भीतर देने का आश्वासन दिया गया है।
इसके अलावा कंपनी ने पीड़ित को नियमित पेंशन देने, कृत्रिम पैर लगाने का पूरा खर्च वहन करने तथा स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उसकी क्षमता के अनुरूप उपयुक्त रोजगार उपलब्ध कराने पर भी सहमति जताई है। बताया गया कि इन सभी शर्तों को लिखित रूप में दर्ज किया गया है, जिस पर पीड़ित की पत्नी फूलमती मांझी ने अपनी सहमति प्रदान कर दी है।
मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा नेता पप्पू वर्मा ने कहा कि भाजपा द्वारा लगातार दबाव बनाए जाने और आंदोलन की चेतावनी दिए जाने के बाद कंपनी ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने दावा किया कि इसी पहल के परिणामस्वरूप पीड़ित मजदूर के बेहतर इलाज, मुआवजा, पेंशन, कृत्रिम पैर और नौकरी की व्यवस्था सुनिश्चित हो सकी है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी मजदूरों और पीड़ित परिवारों के हितों की रक्षा के लिए हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी। इस अवसर पर गाजू मांझी, कमलाकांत उरांव, राजू उरांव समेत कई लोग मौजूद थे।

Share This Article