भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन झारखंड पहुंचे, कोर कमेटी बैठक में राज्यसभा चुनाव समेत संगठनात्मक रणनीति पर मंथन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन झारखंड पहुंचे, कोर कमेटी बैठक में राज्यसभा चुनाव समेत संगठनात्मक रणनीति पर मंथन

रांची, 06 जून : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के झारखंड आगमन पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। रांची पहुंचने पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, पूर्व मुख्यमंत्रियों, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह झारखंड दौरा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की रणनीति तय करने के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके आगमन से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
झारखंड पहुंचने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की मौजूदगी में रांची स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी की कोर कमेटी की बैठक शुरू हुई। बैठक में कोर कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए और संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों तथा राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
सूत्रों के अनुसार, राज्यसभा चुनाव को देखते हुए यह बैठक विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक में राज्यसभा उम्मीदवार को लेकर पार्टी की रणनीति, संगठन विस्तार और आगामी चुनावी तैयारियों पर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है।
भाजपा नेतृत्व का मानना है कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय के माध्यम से पार्टी राज्य में अपनी राजनीतिक स्थिति को और मजबूत करेगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा झारखंड भाजपा के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक संकेतों वाला माना जा रहा है।

Share This Article