हाथियों के हमले में युवक की मौत, कुणाल षाड़ंगी ने दिलाया सांत्वना

जमशेदपुर, 26 अगस्त: गुडाबांधा प्रखंड के बालीजुड़ी गाँव में बीती रात हाथियों के हमले में सरोज पाल की मौत हो गई। मृतक गाँव के उप मुखिया सपन पाल के भाई थे। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों ने सरोज पाल को सूंड से पकड़कर कई बार पटका और बाद में पैरों से कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। शव पूरी तरह क्षतविक्षत हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने जिला वन पदाधिकारी से दूरभाष पर बातचीत कर पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने और हाथियों की गतिविधियों पर कड़ी नज़र रखने की मांग की।
षाड़ंगी ने आमजनों से अपील की कि मृतक के शव की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा न करें। उन्होंने कहा कि तस्वीरें बेहद भयावह और विचलित करने वाली हैं, जो परिजनों एवं परिचितों की मानसिक स्थिति पर प्रतिकूल असर डाल सकती हैं।
उन्होंने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को दुख सहने की शक्ति देने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।


