विधायक सविता महतो समेत नेताओं-कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि, दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को किया याद
चांडिल, 08 सितंबर : झारखंड सरकार के दिवंगत मंत्री एवं झामुमो के वरिष्ठ नेता सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से पार्टी कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है। मंगलवार को चांडिल प्रखंड के चिलगु – भुईयांडीह स्थित झामुमो कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
ईचागढ़ की विधायक सविता महतो के नेतृत्व में उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
इस मौके पर विधायक सविता महतो ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का निधन झामुमो परिवार के साथ-साथ पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि जनसेवा के प्रति दिवंगत नेता का संघर्ष, समर्पण और योगदान हमेशा याद किया जाएगा। एक प्रखर नेता और संगठन के समर्पित योद्धा के रूप में उन्होंने पार्टी को मजबूत करने तथा जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाई।
विधायक ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का व्यक्तित्व और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आने वाले समय में भी पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रेरणा देती रहेगी। श्रद्धांजलि सभा में झामुमो केंद्रीय सदस्य चारू चांद किस्कू, ओम प्रकाश लायेक, काबलू महतो, जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू, जिप सदस्य पिंकी लायेक समेत बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत नेता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।



