वैध दस्तावेज नहीं मिलने और ओवरलोडिंग पर पत्थर व बालू लदे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई
चांडिल/सरायकेला, 08 सितंबर : सरायकेला खरसावां जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनन विभाग ने मंगलवार को चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा में सघन जांच अभियान चलाया। जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी के नेतृत्व में स्थानीय प्रशासन और पुलिस के सहयोग से टाटा रांची नेशनल हाईवे पर कांदरबेड़ा, फदलोगोड़ा काली मंदिर तथा कांदरबेड़ा – दोमुहानी मार्ग के आसपास नाका जांच की गई। इस दौरान खनिज लदे पांच वाहनों को जब्त किया गया।
जांच के दौरान पत्थर लदे दो हाइवा, बालू लदे दो हाइवा तथा एक आइसर टिप्पर वाहन को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की गई। वाहन चालकों से परिवहन चालान समेत खनिज परिवहन से संबंधित वैध कागजात प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन पांचों वाहन चालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
जांच में वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक खनिज सामग्री पाए जाने पर ओवरलोडिंग का मामला भी सामने आया। इसके बाद जिला खनन पदाधिकारी ने पांचों वाहनों को जब्त करते हुए नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई शुरू कर दी। जब्त वाहनों को सुरक्षा एवं आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित थाना को सुपुर्द कर दिया गया।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ खनन विभाग, स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस के समन्वय से जांच और प्रवर्तन कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना वैध दस्तावेज खनिज परिवहन करने तथा ओवरलोडिंग करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ प्रचलित नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।



