
चांडिल , 23 मार्च : बैंक ऑफ इंडिया, तमालिया शाखा के हेड कैशियर जेडी यादव की सुपुत्री अंकिता यादव ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अंकिता ने संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (CDS) परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 3 प्राप्त कर भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में चयनित होकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
अंकिता की इस सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए बैंक ऑफ इंडिया इंप्लॉय यूनियन, झारखंड स्टेट (जमशेदपुर इकाई) के पदाधिकारियों ने उनके आवास पहुंचकर उन्हें पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने अंकिता को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में यूनियन के पूर्व उपाध्यक्ष पूर्ण चंद्र प्रामाणिक, कार्यकारिणी सदस्य सुब्रतो महतो तथा सत्यनारायण आदित्यदेव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने अंकिता की इस उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि उनकी सफलता से क्षेत्र के अन्य प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को भी देश सेवा के लिए आगे आने की प्रेरणा मिलेगी।
अंकिता यादव की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।



