
ईचागढ़, 22 मार्च : ईचागढ़ प्रखंड अंतर्गत खोखरो गांव में विश्व जल दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) सरायकेला-खरसावां के निर्देशानुसार विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पारा लीगल वॉलंटियर (PLV) कार्तिक गोप ने ग्रामीणों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी।
शिविर में कार्तिक गोप ने जल संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि “जल ही जीवन है” और इसके बिना किसी भी प्राणी का अस्तित्व संभव नहीं है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि जल का दुरुपयोग न करें तथा कहीं भी पानी की टंकी से पानी बहता दिखाई दे तो उसे तुरंत बंद करें।
इसके साथ ही उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकार के टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी दी और बताया कि किसी भी कानूनी सहायता के लिए इस नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। साइबर अपराध से बचाव के लिए 1930 हेल्पलाइन नंबर पर तुरंत डायल करने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के दौरान डायन प्रथा जैसी कुप्रथाओं के बारे में भी जानकारी दी गई तथा ग्रामीणों को अंधविश्वास से दूर रहने के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एवं अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।



