पीएम मोदी 14 को करेंगे बराभूम व अनारा अमृत भारत स्टेशन का लोकार्पण

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

पीएम मोदी 14 को करेंगे बराभूम व अनारा अमृत भारत स्टेशन का लोकार्पण

पुरुलिया-आनंद विहार एक्सप्रेस को दिखाएंगे हरी झंडी

पुरुलिया, 10 मार्च : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 मार्च 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पश्चिम बंगाल के पुरूलिया जिला अंतर्गत बराभूम और अनारा रेलवे स्टेशन का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर ट्रेन संख्या 14021/14022 पुरुलिया–आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।

 

पुरुलिया के सांसद ज्योतिरमय सिंह महतो के कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुरुलिया से आनंद विहार टर्मिनल (नई दिल्ली) के लिए यह नई ट्रेन सेवा क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। लंबे समय से पुरुलिया को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से सीधे जोड़ने वाली ट्रेन की मांग की जा रही थी।

 

नई ट्रेन सेवा शुरू होने से पुरुलिया और जंगलमहल क्षेत्र के लोगों को दिल्ली, अयोध्या तथा उत्तर भारत के अन्य हिस्सों की यात्रा करने में काफी सुविधा होगी। इससे छात्रों, मरीजों, व्यापारियों और नौकरी की तलाश करने वालों के लिए आवागमन आसान होगा तथा क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

 

प्रधानमंत्री द्वारा ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के साथ ही इस अवसर पर बराभूम रेलवे स्टेशन, पुरुलिया रेलवे स्टेशन और अनारा रेलवे स्टेशन में लोकार्पण समारोह आयोजित किए जाएंगे।

सांसद ज्योतिरमय सिंह महतो ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम पुरुलिया और जंगलमहल क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति देगा तथा लोगों का राष्ट्रीय राजधानी से जुड़ाव और मजबूत होगा।

Share This Article