सगा भाई ही निकला भाई का हत्यारा, तीन गिरफ्तार, गए जेल

चांडिल, 21 नवंबर : चौका थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती पहाड़ी क्षेत्र मुटुदा में हुई हत्या के मामले का पुलिस ने उदभेदन कर लिया है। इस संबंध में पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अनुसंधान में यह बात प्रकाश में आई कि कांड के वादी हागड़ो मुंडा के द्वारा ही अपने भतीजे 45 वर्षीय पगला मुंडा एवं 23 वर्षीय मोहन मुंडा के साथ मिलकर डायन भूत के अंधविश्वास में आकर अपने ही भाई सोयना मुंडा की हत्या कर दी थी। उसने बाद में थाना में झूठी प्राथमिकी दर्ज कराया गया। तीनों अभियुक्तों को विधिवत गिरफ्तार करते हुए अभियुक्त मोहन मुंडा के निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फरसा को बरामद किया गया।
पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। चौका थाना की पुलिस को 6 नवंबर को सूचना मिली थी कि चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत मुटुदा गांव में 57 वर्षीय सोयना मुंडा की हत्या कर दी गई है। सूचना पाकर पुलिस की टीम वहां पहुंची एवं शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम कराया। उस वक्त मृतक का भाई हागड़ो मुंडा के लिखित आवेदन के आधार पर अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध उनके भाई की हत्या कर देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। छापामारी दल में चौका थाना प्रभारी बजरंग महतो, पुअनि भगवान प्रसाद गौड़ और चौका थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल है।



