शहीद कोका कमार करमाली की 164वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई, सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा बारीडीह

जमशेदपुर, 21 नवंबर : बारीडीह स्थित वीर शहीद कोका कमार करमाली चौक शुक्रवार को श्रद्धा, सम्मान और सांस्कृतिक उमंग का केंद्र बना रहा। शहीद कोका कमार करमाली की 164वीं जयंती पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसकी अगुवाई प्रमुख संस्थापक बलराम कर्मकार और आयोजक राजू लोहरा ने की।
सुबह माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। स्थानीय ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि कोका कमार करमाली की शहादत और संघर्ष ने आदिवासी समाज को नई दिशा दी है, तथा भाषा–संस्कृति संरक्षण आज समय की महत्वपूर्ण जरूरत है।
समारोह में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिला प्रभारी सनत सिंह सरदार और संगठन प्रभारी सह मीडिया प्रभारी परमबीर पात्रो को जेएमएम नगर अध्यक्ष गोविंद लोहार व राजू लोहार ने सम्मानित किया। पदाधिकारियों ने शहीद के आदर्शों को समाज के लिए प्रेरक बताते हुए उनके संघर्ष को याद किया।
शाम को दीप प्रज्वलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। पारंपरिक आदिवासी नृत्य, गीत और ढोल-नगाड़ों की थाप पर लोग झूम उठे। कलाकारों ने सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और आदिवासी गौरव पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
यह आयोजन वीर शहीद कोका कमार करमाली सेना संघर्ष समिति तथा बिरसा सेना के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रविन्द्र लोहारा, कृष्णा लोहार, घनश्याम कर्मकार, राजू कंवर, मोहन कंवर, जय नारायण मुंडा, दीपक रंजीत, सुनील सोरेन, समेत बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, ग्रामीण और युवा शामिल हुए।
अंत में आयोजकों बलराम कर्मकार और राजू लोहरा ने सभी सहयोगियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शहीद के विचारों को जन–जन तक पहुँचाने का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। समारोह शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।



