देर रात सड़कों पर उतरे एसपी मनोज स्वर्गीयारी, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
सरायकेला, 04 अगस्त : जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने सोमवार देर रात विभिन्न थाना क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नेशनल हाईवे समेत प्रमुख मार्गों, विभिन्न बैंक शाखाओं, एटीएम, आभूषण दुकानों तथा अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।
रात्रि भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न गश्ती दलों की सक्रियता और सतर्कता का मूल्यांकन किया। उन्होंने संवेदनशील स्थलों एवं प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए तैनात पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में मौजूद आम नागरिकों से बातचीत कर पुलिसिंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उनकी प्रतिक्रिया भी जानी।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने तथा चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए सतत निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर विश्वास आधारित पुलिसिंग को और मजबूत करने पर भी विशेष बल दिया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रात्रिकालीन गश्ती और सुरक्षा जांच अभियान लगातार जारी रहेगा तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।