रसोई पर महंगाई का वार: LPG सिलेंडर के दाम बढ़े, आम परिवारों का बजट फिर बिगड़ा

डेस्क, 07 मार्च : देशभर में महंगाई का दबाव एक बार फिर आम लोगों की रसोई तक पहुंच गया है। घरेलू LPG गैस सिलेंडर की कीमतों में 60 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है, जबकि कमर्शियल गैस सिलेंडर 115 रुपये महंगा हो गया है। नई दरें 7 मार्च से लागू हो गई हैं, जिससे मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों के मासिक बजट पर सीधा असर पड़ने की आशंका है।
नई कीमतों के अनुसार अब दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू LPG सिलेंडर 913 रुपये में मिलेगा, जो पहले 853 रुपये था। इसी तरह मुंबई में सिलेंडर की कीमत 852.50 रुपये से बढ़कर 912.50 रुपये हो गई है। कोलकाता में घरेलू सिलेंडर 879 रुपये से बढ़कर 939 रुपये और चेन्नई में 868.50 रुपये से बढ़कर 928.50 रुपये हो गया है।
झारखंड में भी रसोई गैस के दामों में बढ़ोतरी का असर साफ दिखाई देगा। यहां घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत 910.50 रुपये से बढ़कर 970 रुपये हो गई है। ऐसे में पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे उपभोक्ताओं को अब रसोई खर्च के लिए अतिरिक्त राशि खर्च करनी पड़ेगी।
वहीं, कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यवसायों की लागत भी बढ़ेगी। इससे बाहर खाने-पीने की चीजों के दामों में भी बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। गौरतलब है कि इससे पहले 1 मार्च को भी कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़े थे, जब दिल्ली में इसकी कीमत में 28 रुपये तक की वृद्धि की गई थी। वहीं 1 फरवरी को 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में करीब 50 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई थी।
लगातार बढ़ती गैस कीमतों ने एक बार फिर आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक परिस्थितियों और अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा कीमतों के उतार-चढ़ाव का असर घरेलू बाजार पर पड़ रहा है, जिसका बोझ अंततः आम उपभोक्ताओं को ही उठाना पड़ता है।



