मांदर-नगाड़े की थाप पर झूमा सालडीह, गणेश महाली के आवास पर धूमधाम से मना करम पर्व
सरायकेला, 23 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के सालडीह में करम पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। पूर्व विधायक प्रत्याशी एवं झामुमो केंद्रीय सदस्य गणेश महाली के आवास पर करम पूजा का आयोजन किया गया। इस दौरान गणेश महाली ने सपरिवार विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद पारंपरिक मांदर और नगाड़े की थाप पर करम गीत और नृत्य का आयोजन हुआ। करम गीतों और लोकनृत्य से पूरा माहौल उत्सवी हो उठा। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया और पारंपरिक लोक संस्कृति का आनंद लिया।
करम पर्व के दौरान आदिवासी समाज की प्रकृति से जुड़ी परंपराओं और लोक संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिली। पारंपरिक वेशभूषा और गीत-संगीत के बीच ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से पर्व मनाया।
आयोजन के माध्यम से सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक एकजुटता का संदेश भी दिया गया। देर शाम तक मांदर और नगाड़े की थाप पर करम गीतों का दौर चलता रहा।



