चांडिल : बामनी जुडिया पुल की मरम्मत एवं मुक्तिधाम में सोलर लाइट लगाने की मांग
चांडिल, 10 सितंबर : चांडिल डैम रोड स्थित बामनी जुडिया (नाला) का पुल जर्जर हालत में पहुंच चुका है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। करीब 45 वर्ष पूर्व निर्मित इस पुल की स्थिति दिन-ब-दिन खतरनाक होती जा रही है।
रुचाप पंचायत के ग्रामीणों ने मंगलवार को चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी को एक मांगपत्र सौंपकर पुल की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि पुल के दोनों ओर की रैलिंग टूट चुकी है और उस पर मोटी दरारें पड़ गई हैं। भारी वाहनों के गुजरने पर पुल कांपने लगता है, जिससे लोगों में भय व्याप्त है। ग्रामीणों ने चेताया कि समय रहते मरम्मत नहीं होने पर पुल कभी भी ध्वस्त हो सकता है और बड़ा हादसा हो सकता है। यह पुल चांडिल बाजार, अनुमंडल कार्यालय और न्यायालय आने-जाने वाले लोगों के लिए मुख्य मार्ग है।
इसके अलावा ग्रामीणों ने बामनी नाला स्थित मुक्तिधाम में सोलर लाइट लगाने की भी मांग की है। उनका कहना है कि रात्रि के समय अंधेरे में अंतिम संस्कार करने आने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।