चांडिल बार एसोसिएशन ने अधिवक्ताओं के लिए दुर्घटना बीमा योजना को दी स्वीकृति

चांडिल, 09 दिसंबर : अनुमंडल बार एसोसिएशन, चांडिल की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को आयोजित की गई, जिसमें अधिवक्ताओं के लिए दुर्घटना बीमा योजना को सर्वसम्मति से स्वीकृत किया गया। बैठक की अध्यक्षता बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बीपी साहू ने की, जबकि सचिव एनके महतो सहित सभी कार्यकारी सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में प्रस्तावित बीमा योजना के तहत अधिवक्ताओं को आकस्मिक दुर्घटना की स्थिति में 10 लाख रुपये तक का बीमा लाभ प्राप्त होगा। साथ ही सामान्य भर्ती पर प्रति दिन 500 रुपये, जबकि आईसीयू में भर्ती होने पर प्रति दिन 1000 रुपये की चिकित्सा सहायता राशि प्रदान की जाएगी। प्रसूति के लिए भी हॉस्पिटल डेली कैश बेनिफिट का प्रावधान रखा गया है। इस योजना को अधिवक्ताओं और उनके परिवारों के सामाजिक सुरक्षा कवच के रूप में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि बीमा योजना के लिए आवेदन प्रपत्र तैयार करने की प्रक्रिया तुरंत प्रारम्भ की जाएगी, ताकि सभी अधिवक्ताओं को लाभ शीघ्र उपलब्ध हो सके।
कार्यकारी सदस्यों में सुनील मानकी, एके झा, केके सिंह, बीसी मंडल, एम. मांझी, बीके कालिंदी, बीबी महतो, सुभाष महतो, एसओ हेम्ब्रम समेत कई अधिवक्ता उपस्थित थे। इसकी जानकारी संगठन के प्रेस प्रवक्ता शिवेश्वर महतो ने दी।



