जमशेदपुर में सनसनी – सोनारी क्षेत्र की स्वर्णरेखा नदी से अज्ञात शव बरामद
जमशेदपुर, 02 मार्च : सोनारी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब स्वर्णरेखा नदी से एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद किया गया। स्थानीय लोगों ने सुबह नदी किनारे पानी में एक शव तैरता देखा और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने घटनास्थल पर प्रारंभिक जांच के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। आसपास के थाना क्षेत्रों से संपर्क कर गुमशुदगी के मामलों का मिलान किया जा रहा है, ताकि मृतक की पहचान स्थापित की जा सके।
सोनारी थाना पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति की गुमशुदगी दर्ज है या मृतक के संबंध में कोई भी जानकारी हो, तो निकटतम थाना में सूचित करें। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।



