पत्नी की मौत के सदमे के बीच हादसे का शिकार हुआ दिव्यांग युवक, अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चिलगु में सड़क पार करने के दौरान हुआ हादसा, समाजसेवी हरेलाल महतो ने भेजा एंबुलेंस

चांडिल, 14 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दिव्यांग युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका एक हाथ बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। हादसे का शिकार युवक की पहचान भुइयांडीह निवासी सुरपा लायक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही कैंसर से पीड़ित उसकी पत्नी की मौत हो गई थी। पत्नी को खोने के गम से उबरने से पहले ही युवक हादसे का शिकार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब सात बजे सुरपा लायक चिलगु में सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जाता है कि सुरपा लायक दिव्यांग है और बैसाखी के सहारे चलता-फिरता है।

हादसे की सूचना मिलने पर हाइवे किंग शेखर गांगुली घटनास्थल पर पहुंचे और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने की पहल शुरू की। वहीं, स्थानीय लोगों से दुर्घटना की जानकारी मिलने पर समाजसेवी हरेलाल महतो ने जन सेवा ही लक्ष्य की एंबुलेंस भेजी। इसके बाद घायल युवक को इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल ले जाया गया।

इधर, दुर्घटना की सूचना मिलने पर चांडिल पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार वाहन का पता लगाने में जुटी है।

पत्नी की मौत के बाद अब खुद जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा सुरपा लायक का परिवार इस हादसे से गहरे संकट में है।

Share This Article