सरायकेला–खरसावाँ जिला में “शिक्षा सेतु डिजिटल एजुकेशन स्टूडियो” का शुभारंभ

सरायकेला, 26 नवंबर : जिला शिक्षा कार्यालय (DEO) परिसर में बुधवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने “शिक्षा सेतु डिजिटल एजुकेशन स्टूडियो” का विधिवत उद्घाटन किया। फीता काटकर शुभारंभ किए गए इस आधुनिक स्टूडियो का उद्देश्य जिले में गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समान शिक्षा की व्यवस्था को मजबूत करना है।
उपायुक्त ने बताया कि जिले में विशेषज्ञ शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए स्टूडियो आधारित अध्यापन प्रणाली विकसित की गई है। इस तकनीक के तहत विशेषज्ञ शिक्षक केंद्रीय स्टूडियो से ऑनलाइन कक्षाएं लेंगे, जबकि सभी संबद्ध विद्यालय दो-तरफा संचार प्रणाली के माध्यम से जुड़ेंगे। इससे विद्यार्थियों को अपने विद्यालय से ही सीधे संवाद की सुविधा मिलेगी तथा विषय संबंधी शंकाओं का तत्काल समाधान हो सकेगा।
श्री सिंह ने कहा कि यह व्यवस्था विशेष रूप से दूरस्थ और संसाधन-संलक्षित विद्यालयों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। “शिक्षा सेतु डिजिटल एजुकेशन स्टूडियो” के माध्यम से विद्यार्थियों को उच्चस्तरीय डिजिटल सामग्री, विषयगत स्पष्टता और योग्य शिक्षकों का मार्गदर्शन एक ही मंच पर उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे जिले की शिक्षण-प्रक्रिया और अधिक प्रभावी व परिणाममुखी बनेगी।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।



