कोल्हान विश्वविद्यालय के छठे दीक्षांत समारोह में सम्मानित हुई बानसा की अष्टमी

चाईबासा, 26 नवंबर : कोल्हान विश्वविद्यालय का छठा दीक्षांत समारोह बुधवार को चाईबासा में गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने विश्वविद्यालय के चार सत्रों के कुल 195 छात्र-छात्राओं को टॉपर मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह में बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक तथा विश्वविद्यालय के पदाधिकारी मौजूद रहे।
सम्मानित टॉपर्स में खरसावां जिला के चांडिल प्रखंड अंतर्गत बानसा गांव निवासी अष्टमी महतो भी शामिल रहीं। उन्हें सत्र 2020–22 में संस्कृत विषय में पीजी टॉपर बनने का गौरव प्राप्त हुआ। राज्यपाल के हाथों सम्मान प्राप्त कर अष्टमी महतो ने विश्वविद्यालय और अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया। उनकी इस उपलब्धि से बानसा गांव और आसपास के क्षेत्रों में हर्ष का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि अष्टमी महतो युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
दीक्षांत समारोह में राज्यपाल ने विद्यार्थियों को समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि ज्ञान, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ भविष्य निर्माण करना है। विश्वविद्यालय के कुलपति ने भी छात्रों को उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने की शुभकामनाएं दी।



