मेयर बनते ही एक्शन मोड में सुधा गुप्ता, मानगो में विशेष सफाई अभियान और फॉगिंग की शुरुआत

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

मेयर बनते ही एक्शन मोड में सुधा गुप्ता, मानगो में विशेष सफाई अभियान और फॉगिंग की शुरुआत

जमशेदपुर, 6 मार्च : मानगो नगर निगम की नवनिर्वाचित मेयर सुधा गुप्ता ने पदभार संभालने के बाद शहर की स्वच्छता और जनस्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए मानगो क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान और फॉगिंग अभियान की शुरुआत करवाई।

इस अभियान के तहत नगर निगम की टीम विभिन्न वार्डों में सड़कों, गलियों और नालियों की व्यापक सफाई कर रही है। साथ ही मच्छरों से होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए फॉगिंग मशीनों के माध्यम से नियमित छिड़काव भी कराया जा रहा है, ताकि क्षेत्र में डेंगू और अन्य मौसमी बीमारियों के खतरे को कम किया जा सके।

मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि मानगो की जनता ने जिस विश्वास और उम्मीद के साथ उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ मानगो का निर्माण उनकी प्राथमिकता है और इसी दिशा में लगातार काम किया जाएगा।

उन्होंने निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी वार्डों में नियमित और प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए फॉगिंग अभियान को तेज करने तथा कचरा उठाव की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया है।

मेयर ने कहा कि आने वाले दिनों में मानगो को स्वच्छ, व्यवस्थित और आधुनिक नगर बनाने के लिए कई नई योजनाओं की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने शहरवासियों से भी अपील की कि वे स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग करें और कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें।

वहीं मानगो की जनता ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि मेयर सुधा गुप्ता के नेतृत्व में क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था में और सुधार देखने को मिलेगा।

Share This Article