रांची में फिर बम की धमकी से हड़कंप: गैलेक्सिया मॉल स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र को उड़ाने की चेतावनी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

रांची में फिर बम की धमकी से हड़कंप: गैलेक्सिया मॉल स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र को उड़ाने की चेतावनी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

रांची, 06 मार्च : राजधानी रांची में बम धमाके की धमकी को लेकर एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं। सिविल कोर्ट परिसर के बाद अब रातू रोड स्थित गैलेक्सिया मॉल में संचालित पासपोर्ट सेवा केंद्र को उड़ाने की धमकी मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

धमकी की सूचना मिलते ही कोतवाली डीएसपी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंच गया। इसके साथ ही बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) और सुरक्षा एजेंसियों की टीमों को भी बुलाया गया। एहतियात के तौर पर पूरे मॉल परिसर और आसपास के इलाके की घेराबंदी कर दी गई तथा लोगों की आवाजाही पर निगरानी बढ़ा दी गई।

बीडीएस टीम ने पासपोर्ट सेवा केंद्र के कार्यालय, मॉल परिसर और आसपास के इलाकों की बारीकी से तलाशी शुरू कर दी है। हर कोने और संदिग्ध स्थानों की गहन जांच की जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार धमकी मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। मॉल में आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। फिलहाल तलाशी अभियान के दौरान किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।

हालांकि लगातार मिल रही धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता जरूर बढ़ा दी है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि धमकी किस माध्यम से और किसने दी। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।

Share This Article