सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का जनसैलाब चारों ओर गूंजा बोल बम के जयकारे

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का जनसैलाब चारों ओर गूंजा बोल बम के जयकारे

चांडिल, 21 जुलाई : सरायकेला खरसावां जिला समेत सभी प्रमुख शिवालयों में सावन माह की दूसरी सोमवारी पर सुबह से ही आस्था का जन सैलाब उमड़ने लगा। शिवालयों में घंटे घड़ियाल के साथ ओम नमः शिवाय, हर-हर महादेव, बोल बम के जयकारे गूंजने लगे। इस दौरान मंदिरों से निकलने वाले वैदिक मंत्रोच्चरण से वातावरण शिवमय हो गया और भक्त अपने आराध्यदेव की आराधना में लीन होने लगे। चांडिल प्रखंड के जयदा स्थित ऐतिहासिक बूढ़ा बाबा शिव मंदिर, दलमा पहाड़ की चोटी पर स्थित गुफा बाबा मंदिर, ईचागढ़ का चतुर्मुखी शिव मंदिर, जारगो महादेवबेड़ा शिव मंदिर समेत आसपास के सभी प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही भक्तों की कतार लगना शुरू हो गया था। लोगों ने भक्ति में वातावरण में अपने आराध्य देव भगवान भोलेनाथ पर जल अर्पण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर सुख, समृद्धि व शांति की कामना किए।

पवित्र सावन माह के सोमवारी पर शिवालयों में रुद्राभिषेक किया गया। वहीं श्रद्धालुओं के बीच भोग-प्रसाद का वितरण किया गया। बांग्ला मत से संक्रांति से सावन मानने वाले श्रद्धालुओं का आज पहला सोमवारी था। चांडिल अनुमंडल क्षेत्र और आसपास के अधिकांश श्रद्धालु बांग्ला मत से ही सावन मानते हैं। हिंदी और बांग्ला दोनों मतों के श्रद्धालुओं के एक साथ मंदिर पहुंचने पर सभी शिवालयों में भक्तों का जमघट लगा रहा। शिवोपासना को लेकर मंदिरों में सूर्योदय से पहले ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गई थीं। जैसे-जैसे दिन चढ़ रहा था शिव भक्तों का जमघट बढ़ता जा रहा था। मंदिरों में श्रद्धालुओं के आने-जाने का सिलसिला दोपहर बाद तक जारी रहा।

Share This Article