आजसू पार्टी की पहल रंग लाई, कुटाम विद्यालय में शिक्षकों की हुई नियुक्ति

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

आजसू पार्टी की पहल रंग लाई, कुटाम विद्यालय में शिक्षकों की हुई नियुक्ति

ईचागढ़, 21 जुलाई : ईचागढ़ प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालय, कुटाम में शिक्षकों की घोर कमी के कारण छात्र-छात्राओं की पढ़ाई बाधित हो रही थी। इस जनसमस्या को सबसे पहले आजसू पार्टी के ईचागढ़ प्रखंड सचिव तुलसी महतो और युवा नेता संजय मेहता ने प्रमुखता से उठाया। संजय मेहता ने इस मुद्दे को ना केवल पार्टी मंचों पर, बल्कि शिक्षा विभाग के जिला और राज्य स्तर पर लगातार सक्रियता से उठाया। उनके निरंतर प्रयासों, जनदबाव और संगठन के सहयोग से यह मुद्दा शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों तक पहुंचा।

शिक्षा विभाग के माध्यमिक निदेशालय के अधिकारी अमित कुमार ने इस विषय पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए पत्र लिखा। इसके बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी, सरायकेला-खरसावां ने कुटाम में दो शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति करने का आदेश निर्गत किया है। कार्यालय आदेश में बताया गया है कि CPGRAMS में दर्ज शिकायत एवं उप निदेशक, माध्यमिक शिक्षा, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड, रांची के पत्र में दिए गए निदेश के आलोक में बबिता हो, टीजीटी विज्ञान शिक्षिका अनुग्रह नारायण +2 उच्च विद्यालय पिलीद एवं देवेंद्र मांझी, टीजीटी अंग्रेजी शिक्षक उच्च विद्यालय केन्तुंगा को उत्कमित +2 उच्च विद्यालय कुटाम, ईचागढ़ में तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक प्रतिनियुक्त किया जाता है।

Share This Article