कुचाई प्रखंड में ‘शिशु शक्ति’ संवर्धित टीएचआर वितरण कार्यक्रम आयोजित

अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर कुपोषित बच्चों के लिए जिला प्रशासन की पहल
सरायकेला-खरसावां,24 जनवरी : अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर कुचाई प्रखंड में कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार को लेकर जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई। शनिवार को प्रखंड विकास सह अंचल कार्यालय, कुचाई के सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में ‘शिशु शक्ति’ संवर्धित टेक होम राशन (एटीएचआर) वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से सैम (गंभीर तीव्र कुपोषण) एवं मैम (मध्यम तीव्र कुपोषण) श्रेणी के बच्चों को अतिरिक्त एवं संतुलित पोषण उपलब्ध कराने की शुरुआत की गई। उपायुक्त ने कहा कि बच्चों, विशेषकर बालिकाओं का स्वास्थ्य सामाजिक विकास की मजबूत नींव है। जिले में संचालित नियमित टेक होम राशन के अतिरिक्त अब ऑगमेंटेड टेक होम राशन व्यवस्था लागू की गई है, जिससे कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य में त्वरित सुधार सुनिश्चित किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि एटीएचआर बच्चों की विशेष पोषण आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो नियमित आहार के पूरक के रूप में कार्य करेगा। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं आंगनवाड़ी सेविकाओं को निर्देश दिया कि पात्र लाभार्थियों की सही पहचान, समयबद्ध वितरण और नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि योजना का वास्तविक लाभ लक्षित बच्चों तक पहुंचे।
इस अवसर पर उपायुक्त ने अभिभावकों से बच्चों के पोषण, स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच पर विशेष ध्यान देने की अपील की तथा कार्यक्रम की सफलता में सामुदायिक सहभागिता को आवश्यक बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि इस लक्षित पोषण कार्यक्रम से जिले में कुपोषण की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी।
कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, मुखिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रखंड विकास पदाधिकारी कुचाई, प्रभारी जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षिका, स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि, आंगनवाड़ी सेविकाएं, सहायिकाएं, माताएं एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।



