पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष बने प्रताप यादव
जमशेदपुर, 19 मई : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान के तहत गोलमुरी निवासी प्रताप कुमार यादव को पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ओबीसी मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस संबंध में मंगलवार को पार्टी आलाकमान के आदेश पर ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष साहू द्वारा नियुक्ति पत्र जारी किया गया। प्रताप यादव ने अपनी राजनीति की शुरुआत को-ऑपरेटिव कॉलेज में NSUI से छात्र राजनीति के रूप में की। प्रताप यादव दूसरी पीढ़ी के कांग्रेसी हैं। इनके पिता शिवजी यादव पुराने कांग्रेसी एवं पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष रह चुके हैं।
नियुक्ति के बाद प्रताप यादव ने कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए पूरे जिले में संगठन का विस्तार जल्द से जल्द किया जाएगा। पार्टी में एकजुटता के लिए वे सभी पुराने एवं नए नेताओं से मिलकर आपसी समन्वय बनाकर चलेंगे। उनकी पहली प्राथमिकता होगी कि ज्यादा से ज्यादा पिछड़े समाज के युवाओं एवं आमजन को कांग्रेस से जोड़ा जाएगा। वहीं केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन कर जातीय जनगणना जल्द से जल्द करवाना एवं ओबीसी समाज को संख्या के अनुपात में आरक्षण दिलाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने पर प्रताप यादव ने कांग्रेस के सभी वरीय नेताओं का आभार जताते हुए विशेष धन्यवाद दिया।