पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा से मिला जिला भाजपा का प्रतिनिधिमंडल, आमंत्रण दिया
सरायकेला, 19 मई : भारतीय जनता पार्टी सरायकेला खरसावां जिला कमेटी के पदाधिकारियों ने मंगलवार को जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान के नेतृत्व में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सह पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा से मुलाकात कर उनसे संगठनात्मक गतिविधियों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया। इसकी जानकारी देते हुए जिला महामंत्री राकेश मिश्रा ने बताया कि इस अवसर पर जिला कमेटी की ओर से जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान ने अर्जुन मुंडा के साथ उनकी धर्मपत्नी मीरा मुंडा को प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने का आमंत्रण दिया।
ज्ञात हो कि 30 और 31 मई को खरसावां स्थित आकर्षणी मंदिर परिसर में जिला स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होना है। इस आयोजन में जिले भर से लगभग 150 प्रमुख कार्यकर्ता शामिल होंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में पार्टी के इतिहास, नई राजनैतिक चुनौतियां और सोशल मीडिया, एआई जैसे नवाचार के मध्यमों जैसे विषयों से अवगत कराया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री से मिलने वालों में जिला महामंत्री राकेश मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष सारथी महतो, रीतिका मुखी, शंभु मंडल, अमितेश अमर, जिला मंत्री सतीश शर्मा, ललन शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।