RIT में रंगदारी नहीं देने पर दुकानदार पर चापड़ से हमला, पुलिस ने 2 आरोपियों को दबोचा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

RIT में रंगदारी नहीं देने पर दुकानदार पर चापड़ से हमला, पुलिस ने 2 आरोपियों को दबोचा

आदित्यपुर, 01 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र में रंगदारी नहीं देने पर एक दुकानदार पर धारदार चापड़ से हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चापड़ भी बरामद कर लिया है।

आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत परासर ने बताया कि रायडीह बस्ती, रोड नंबर-07 निवासी प्रेम चंद्र वर्मा ने थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, रोड नंबर-15 निवासी विशाल मिश्रा उर्फ अपराधी और रोड नंबर-23 निवासी आदित्य कश्यप उसकी दुकान में पहुंचे और रंगदारी की मांग करने लगे। जब दुकानदार ने पैसे देने से इनकार किया तो दोनों ने उस पर धारदार चापड़ से हमला कर उसे घायल कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विशाल मिश्रा उर्फ अपराधी के खिलाफ पहले से जमशेदपुर के विष्टुपुर थाना में हत्या के प्रयास सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है।

छापेमारी अभियान में पुलिस अवर निरीक्षक संजीत कुमार, विमलेश महतो, सहायक अवर निरीक्षक विक्रम कुमार, रामजतन प्रसाद तथा आरक्षी उमाशंकर सिंह और विकास पाण्डेय शामिल थे।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध और रंगदारी की घटनाओं पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Share This Article