चांडिल, 14 मई : अवैध महुआ चुलाई शराब के विरुद्ध उत्पाद विभाग की कार्रवाई बदस्तूर जारी है। इसी क्रम में उत्पाद विभाग की टीम ने चांडिल थाना क्षेत्र में छापामारी कर 05 अवैध अड्डों को ध्वस्त कर दिया और भारी मात्रा में जावा महुआ व अवैध शराब जप्त किया। सरायकेला-खरसावा जिले के उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह के निर्देश एवं अधीक्षक उत्पाद क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में चांडिल थाना अंतर्गत चिलगु के समीप खोखरोडीह, जड़ियाडीह, चाकुलिया एवं हमसदा टोला में विधिवत छापामारी अभियान चलाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार छापामारी अभियान के दौरान कुल 05 अवैध महुआ चुलाई अड्डों को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के क्रम में लगभग 1000 किलोग्राम जावा महुआ एवं 50 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब बरामद की गई। बरामद अवैध उत्पाद सामग्री को नियमानुसार जप्त कर नष्ट किया गया।
संबंधित अड्डा संचालकों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।