नालसा वीर परिवार सहायता योजना के तहत भूतपूर्व सैनिक के परिवार को दी गई कानूनी जानकारी

चांडिल, 29 जनवरी : जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव के निर्देशानुसार गुरुवार को नालसा वीर परिवार सहायता योजना 2025 के अंतर्गत चांडिल प्रखंड के टुईडूंगरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान पारा लीगल वालंटियर अरुण कुमार महतो ने गांव निवासी भूतपूर्व सैनिक शीतल माझी (पूर्व CRPF बटालियन) एवं उनके परिवार से मुलाकात की। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा प्रदान की जाने वाली निःशुल्क कानूनी सेवाओं, विधिक सहायता योजनाओं तथा नालसा टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
पारा लीगल वालंटियर द्वारा बताया गया कि नालसा वीर परिवार सहायता योजना के तहत पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों को कानूनी समस्याओं के समाधान हेतु निःशुल्क परामर्श एवं सहायता उपलब्ध कराई जाती है। कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना एवं न्याय तक सहज पहुंच सुनिश्चित करना है।



