सरायकेला में महिला सुरक्षा पर जागरूकता अभियान, छात्र–छात्राओं को दिए महत्वपूर्ण जानकारी

सरायकेला, 29 नवंबर : पुलिस अधीक्षक सरायकेला–खरसावाँ के निर्देश पर महिला सुरक्षा को मजबूत बनाने और समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आज उत्क्रमित उच्च विद्यालय पठानमारा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व महिला थाना प्रभारी एसआई कुमारी तिलोत्मा ने किया।
अभियान के दौरान छात्र–छात्राओं, महिलाओं और विद्यालय के शिक्षकों को महिला अपराध के विभिन्न स्वरूप, पॉक्सो एक्ट, महिला सुरक्षा उपाय, साइबर फ्रॉड से बचाव, डायल 112 सेवा, टोल फ्री नंबर 1930, बाल विवाह रोकथाम, तथा महिलाओं के लिए बने महत्वपूर्ण कानूनी अधिकार एवं प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही अफीम/गांजा की अवैध खेती रोकने और नशा मुक्ति पर भी प्रतिभागियों को सजग रहने की अपील की गई।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को यह संदेश दिया गया कि जागरूकता ही सुरक्षा की सबसे बड़ी शक्ति है और समाज की भागीदारी से ही महिला अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
जागरूकता कार्यक्रम में एएसआई नंदिता बिरुआ, आरक्षी कृपा भेंगरा, और आरक्षी अनुराधा भी उपस्थित रहीं। पुलिस टीम ने सभी से सहयोग, सतर्कता और जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की।



