साप्ताहिक जनता दरबार में डीसी ने सुनी आमजन की समस्याएं, कई मामलों का मौके पर हुआ समाधान

सरायकेला, 18 जुलाई : जिले के आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु समाहरणालय परिसर स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने की। इस दौरान जिले के विभिन्न अंचलों से आए दर्जनों फरियादियों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं।
जनता दरबार में रैयती जमीन का ऑनलाइन अद्यतन, दखल-दिहानी से जुड़े विवाद, मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना (JMMSY) के लाभ में देरी, वृद्धा पेंशन योजना से वंचित रह जाने, निजी स्कूल में फीस माफी, सड़क निर्माण में अतिक्रमण जैसी प्रमुख शिकायतें सामने आईं। इसके अलावा चांडिल के खूंटी लैंप्स के कर्मी द्वारा परिसर पर अवैध कब्जा, तथा इचागढ़ प्रखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय वामडीह में 20 वर्षों से कार्यरत रसोइया को जबरन हटाने जैसी शिकायतें भी दर्ज की गईं।
उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को त्वरित जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कई मामलों में मौके पर ही आवश्यक निर्देश जारी कर तत्काल समाधान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
डीसी ने कहा कि जनता दरबार आम लोगों की समस्याओं को सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का एक मजबूत माध्यम है, और इसका उद्देश्य है कि जिले में प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता बनी रहे।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि हर शुक्रवार को आयोजित होने वाले इस दरबार में नागरिक अपनी शिकायतें लेकर आ सकते हैं, और उन्हें न्यायोचित समाधान प्रदान करने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।



