देवघर बस हादसा: मीडिया और नेताओं के 18 मौत के दावे पर विराम, प्रशासन ने की 6 श्रद्धालुओं की मौत की आधिकारिक पुष्टि

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

देवघर बस हादसा: मीडिया और नेताओं के 18 मौत के दावे पर विराम, प्रशासन ने की 6 श्रद्धालुओं की मौत की आधिकारिक पुष्टि

जामुनिया चौक पर बस-ट्रक की टक्कर में 24 घायल, 8 एम्स में भर्ती, अफवाहों से बचने की अपील

देवघर, 29 जुलाई : श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान मंगलवार सुबह देवघर जिले के मोहनपुर प्रखंड अंतर्गत जामुनिया चौक पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक कांवड़ियों से भरी बस और एक ट्रक के बीच सीधी टक्कर हो गई। इस हादसे को लेकर कई न्यूज़ वेबसाइटों, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और बड़े नेताओं ने 18 श्रद्धालुओं की मौत होने का दावा किया, लेकिन देवघर जिला प्रशासन ने इन सभी दावों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि इस दुर्घटना में अबतक कुल 6 श्रद्धालुओं की मृत्यु हुई है।

प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, हादसा सुबह लगभग 5:30 बजे हुआ। घायल श्रद्धालुओं को तुरंत इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल और एम्स में भर्ती कराया गया है। अबतक 24 श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिनमें से 8 को एम्स में और 16 को सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। सभी घायलों को चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।

प्रशासन ने यह भी कहा है कि “गलत सूचना और अफवाह फैलाने से बचा जाए। मृतकों की संख्या को लेकर केवल आधिकारिक पुष्टि पर भरोसा करें।”

हादसे के बाद का माहौल

हादसे की खबर फैलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर स्थानीय लोग व प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए। घटनास्थल पर राहत व बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया।

नेताओं और मीडिया की प्रतिक्रिया

इस घटना के बाद कई राजनीतिक नेताओं और प्रमुख न्यूज़ पोर्टलों ने 18 लोगों की मौत की बात कही, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हो गई। लेकिन जिला प्रशासन द्वारा सोशल मीडिया पर जारी स्पष्ट जानकारी के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई है।

प्रशासन की अपील

देवघर जिला प्रशासन ने आमजन से आग्रह किया है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर या अफवाहों पर ध्यान न दें। केवल अधिकृत माध्यमों से प्राप्त जानकारी पर ही विश्वास करें।

Share This Article