चांडिल अनुमंडल में गणेश चतुर्थी की धूम, मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजेगी शाम का माहौल

Manbhum Updates
2 Min Read

चांडिल अनुमंडल में गणेश चतुर्थी की धूम, मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजेगी शाम का माहौल

चांडिल, 27 अगस्त : झारखंड के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में भी गणेश चतुर्थी का पर्व पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। श्रद्धालु गणपति बप्पा की आराधना में डूबे हुए हैं और पूजा पंडालों से लेकर मेलों तक भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।

चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के चांडिल बाजार, डैम रोड, चिलगु कॉलोनी, रामगढ़, नीमडीह के रघुनाथपुर तथा कुकडू में गणेश पूजा धूमधाम से आयोजित हो रही है। इन स्थानों पर स्थापित गणेश प्रतिमाओं की सुबह से पूजा-अर्चना हो रही है, वहीं शाम को कई जगहों पर सांस्कृतिक व धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

कुकडू में सप्ताह व्यापी मेला

कुकडू में श्री श्री गणेश पूजा कमिटी द्वारा भव्य पूजा का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर सप्ताह भर चलने वाला मेला शुरू हुआ है, जहां दूर-दराज़ से लोग उमड़ रहे हैं। मेले में बच्चों और युवाओं के मनोरंजन के लिए बिजली झूला, चकरी समेत कई तरह के खेल-खिलौनों की व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा मेले में मानभूम भाषा के प्रसिद्ध गायक कुंदन कुमार का विशेष कार्यक्रम भी तय किया गया है, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह है।

चिलगु में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न

चिलगु दुर्गा मंदिर प्रांगण में गणेश पूजा विधिवत संपन्न हुई। पूजा अनुष्ठान का संचालन पंडित विपदतारण पांडे ने वैदिक मंत्रोच्चार और यज्ञ के साथ किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और गणपति बप्पा से सुख-समृद्धि की कामना की। शाम को यहां बूगी-वूगी डांस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति ने मंच साज-सज्जा से लेकर सुरक्षा इंतज़ाम तक की तैयारियां पूरी कर ली हैं।

पूरे चांडिल अनुमंडल में गणेश चतुर्थी को लेकर भक्तिमय माहौल है। जगह-जगह गणपति बप्पा मोरया के जयघोष गूंज रहे हैं। श्रद्धालु पूजा-पंडालों में दर्शन कर आशीर्वाद ले रहे हैं और बच्चे मेले में खेल-खिलौनों का आनंद उठा रहे हैं।

Share This Article