नीमडीह में दशहरा उत्सव : रावण दहन और झूमर संगीत में उमड़ा जनसैलाब

नीमडीह, 04 अक्टूबर : नीमडीह प्रखंड अंतर्गत झिमड़ी सोनाडूंगरी में शनिवार की शाम भव्य रावण दहन और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। न्यू यंग बॉयज क्लब द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में झारखंड और पश्चिम बंगाल से आए दर्शकों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में यहां झूमर संगीत का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो शामिल हुए।

हरेलाल महतो ने रावण दहन के महत्व पर कहा कि दशहरा, अर्थात विजयादशमी, भगवान श्रीराम की रावण पर विजय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि रावण अहंकार और अत्याचार का प्रतीक था और उसका पुतला जलाना हमें यह याद दिलाता है कि अंततः धर्म, सत्य और न्याय की ही जीत होती है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील किया कि वे अपने अंदर के अहंकार और नकारात्मक प्रवृत्तियों को भी इसी अवसर पर जलाने का संकल्प लें।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में झूमर सम्राट संतोष महतो एंड टीम ने दर्शकों का मनोरंजन किया। उन्होंने मंच पर प्रस्तुत गीतों और झूमर नृत्यों के माध्यम से स्थानीय संस्कृति और देशभक्ति की भावना को जीवंत किया। विशेषकर युवाओं के लिए गाए गए गीतों ने माहौल को और भी उत्साही बना दिया। यह आयोजन न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव का प्रतीक है, बल्कि स्थानीय युवाओं और समुदाय के बीच भाईचारे और सकारात्मक ऊर्जा को भी बढ़ावा देने वाला अवसर प्रदान करता है।
कार्यक्रम में कमेटी के अध्यक्ष गणेश चंद्र महतो, पंचायत समिति सदस्य पद्मलोचन महतो, मुखिया सरस्वती सिंह, आजसू पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष अरुण महतो और झामुमो पूर्व प्रखंड अध्यक्ष हरिदास महतो सहित कई गणमान्य उपस्थित थे।



